होडल। मुंडकटी थाना अंतर्गत क्षेत्र के गांव मरौली में महिला व उसके परिजनों पर उसके जेठ ने लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर महिला व उसके मां-बाप सहित दादा-दादी और दो चाचाओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव ने बताया कि गांव मरौली निवासी रामवीर उर्फ कल्लू ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसका छोटा भाई अनिल दोनों एक साथ घर में रहते हैं। भाई की शादी फरवरी 2024 में महक निवासी मानपुर के साथ हुई। शादी के बाद वह अपने मायके चली गई और तब से वह वहीं रह रही हैं। भाई ने तलाक का केस अदालत में डाला हुआ है। पीड़ित ने बताया कि 11 जून को उसके भाई की पत्नी महक व उसकी मां रजनी पिता देशराज दादा झम्मन व दादी सहित उसके दो चाचा जय सिंह, देवीलाल उसके घर में घुस गए और अलमारी से उसकी पत्नी रीता के कानों के टाॅप्स, कुंडल, चेन अंगूठी सहित चांदी की दो जोड़ी पायलों को चुरा कर ले गए। इसमें 12 तोले चांदी व साढ़े तीन ग्राम सोने के आभूषण शामिल है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद