संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की दसवीं के अंग्रेजी विषय की बृहस्पतिवार को हुई परीक्षा में चार केंद्रों पर पेपर आउट हो गया। बोर्ड ने इन चारों केंद्रों के अंदर हुई अंग्रेजी विषय की परीक्षा को रद्द कर दिया है। वहीं केंद्र अधीक्षकों सहित संबंधित स्टाफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराते हुए तुरंत प्रभाव से रिलीव किया गया है। इन केंद्रों पर अब जिला शिक्षा अधिकारी नया स्टाफ तैनात करेंगे।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ. वीपी यादव ने बताया कि उनके स्वयं के उड़नदस्ते ने नूंह के परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया और नकल के 33 मामले दर्ज किए। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र रावमावि नूंह-15 व 16 (फिरोजपुर) पर कुछ युवकों को पकड़ा। जिनके कब्जे से मिले मोबाइल फोन में अंग्रेजी के प्रश्न पत्र की फोटो मिली। फोटो में मिले प्रश्न पत्र पर लगे क्यूआर कोड व हिडन फीचर्स को डी-कोड करने पर पता चला कि ये पेपर नीकी मॉडल पब्लिक स्कूल, पिनगवां-06 (बी-1) व 07 (बी-2) से वायरल किया गया है। जांच करने पर पाया गया कि खुद स्कूल संचालक व स्टाफ द्वारा परीक्षार्थियों को पेपर वितरित करने से पूर्व फोटो खींचकर पेपर वायरल किया गया था। इन केंद्रों पर संचालित हुई अंग्रेजी की परीक्षा को रद्द कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि संबंधित परीक्षार्थियों व इन केंद्रों पर परीक्षा ड्यूटी दे रहे प्रमुख केंद्र अधीक्षक, केंद्र अधीक्षक, संबंधित पर्यवेक्षक, लिपिक व अन्य संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी गई है। इन केंद्रों पर परीक्षा ड्यूटी दे रहे पूरे स्टाफ को तुरंत प्रभाव से परीक्षा ड्यूटी से रिलीव कर दिया गया और संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी को तुरंत प्रभाव से आगामी परीक्षाओं के लिए केंद्र पर नए स्टाफ की व्यवस्था करने बारे आदेश दिए गए हैं।
बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि बोर्ड सचिव के उड़नदस्ते द्वारा भी नूंह के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया, जहां परीक्षा केंद्र रावमावि, नूंह-15 व 16 और नीकी मॉडल पब्लिक स्कूल, पिनगवां-06 (बी-1) व 07 (बी-2) पर नकल के 20 मामले दर्ज किए। बोर्ड के अन्य उड़नदस्तों ने नकल के 48 केस पकड़े। बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्र बाल विद्या मन्दिर हाई स्कूल, झज्जर-20 व राउवि, छतेरा (सोनीपत) से अंग्रेजी विषय की परीक्षा का प्रश्न पत्र वायरल होने की सूचना प्राप्त होने पर बोर्ड द्वारा गठित उड़नदस्तों ने मौके पर पहुंचकर वायरल करने वाले परीक्षार्थियों को दबोचा।