पलवल। बिजली वितरण निगम के कार्यकारी अभियंता कार्यालय में कार्यरत लिपिक हरिओम को विजिलेंस टीम ने 5 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। विजिलेंस विभाग के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार दिनेश कुमार साथ में थे।
नायब तहसीलदार दिनेश कुमार ने बताया कि लुलवाड़ी गांव निवासी धर्मवीर ने शिकायत दी थी कि बिजली बिल कम करने के नाम पर कार्यकारी अभियंता के कार्यालय में कार्यरत लिपिक हरिओम 10 हजार रुपये की मांग कर रहा है। जिस पर उसने हामी भर दी। लिपिक द्वारा मांगी गई रिश्वत की रिकार्डिंग विजिलेंस विभाग को सुनाई। इसके बाद अतिरिक्त अधीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने धर्मवीर को रंगे हुए नोट दिए, जो मंगलवार को उसने कार्यालय में जाकर लिपिक हरिओम को थमा दिए। रुपये देने के बाद जैसे ही धर्मवीर ने इशारा किया तो विजिलेंस टीम ने मौके पर पहुंच कर हरिओम को पकड़ लिया। हरिओम को विश्रामगृह में लाया गया, जहां उसके हाथ धुलवाने पर हाथों में रंग लग गया।