बिजली कर्मियों ने किया अधीक्षण अभियंता के कार्यालय का घेराव
पलवल। विद्युत निगम के कर्मचारियों ने सोमवार को अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव किया। सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले पहुंचे कर्मचारियों ने मांगों को लेकर नारेबाजी की। उनके गुस्से को देखते हुए मौके पर पुलिस बुलानी पड़ी। आखिर में अधीक्षण अभियंता के आश्वासन पर कर्मचारियों का गुस्सा शांत हुआ।
घेराव करने पहुंचे कर्मचारियों का कहना था कि 28 अगस्त को ठेके पर कार्यरत होडल निवासी हरिप्रकाश की फाल्ट ठीक करते समय करंट लगने से मौत हो गई थी। विभाग ने अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाय 5 कर्मचारियों को निलंबित कर दिया। कर्मचारियों की मांग है कि मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाए और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। कर्मचारी नेता राजेश कुमार ने कहा कि करीब दो महीने पहले भी ऐसे ही करंट की चपेट में आने से ठेके पर काम करने वाले एक कर्मचारी की मौत हो गई थी। उस मामले में लापरवाही ठेकेदार की थी। जबकि विभाग ने तब भी 5 कर्मचारी को सस्पेंड किया था। यह सरासर गलत है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को तुरंत बहाल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों ने 12 साल में ठेके पर कार्यरत करीब 31 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है। जबकि उनसे संबंधित दस्तावेज की जांच तक नहीं की गई। सभी मामलों की जांच कराकर कर्मचारियों को वापस नौकरी पर रखा जाए। सूचना पर पहुंची पुलिस और नायब तहसीलदार ने कर्मचारियों को शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। बाद में अधीक्षण अभियंता स्वयं मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों की बातें सुनकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उसके बाद ही कर्मचारी शांत हुए।