सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ ने खोली परतें, पांच हजार रुपये लेकर सर्जिकल ब्लेड से लगाया था चीरा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल।
गदपुरी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद से जुड़े एक मामले में विरोधी पक्ष को हत्या के प्रयास में फंसाने की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि बुजुर्ग ने विरोधी पक्ष पर गंभीर धाराएं लगवाने के लिए छाती पर सर्जिकल ब्लेड से चीरा लगवाया था। मामले में पुलिस ने फरीदाबाद के एक निजी अस्पताल में कार्यरत ओटी टेक्नीशियन को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, राजूपुर बांगर गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा है। अप्रैल में हुए झगड़े के बाद एक पक्ष की ओर से शिकायत देकर आरोप लगाया गया था कि बुजुर्ग ज्ञान सिंह पर धारदार हथियार से हमला किया गया और उन्हें गंभीर चोट पहुंचाई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
इसी मामले में दूसरे पक्ष ने भी पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि विवाद के दौरान फायरिंग की गई थी, जिसमें एक युवक घायल हो गया। दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच की गई तो कई तथ्य सामने आए। जांच के दौरान पुलिस को ज्ञान सिंह की मेडिकल रिपोर्ट मिली, जिसमें छाती पर गहरे घाव का उल्लेख था, हालांकि घटनास्थल के साक्ष्य और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान इस दावे से मेल नहीं खा रहे थे।
सीसीटीवी फुटेज में धारदार हथियार का प्रयोग नहीं दिखा
धतीर चौकी पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और वीडियो की बारीकी से जांच की। फुटेज में दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी और धक्का-मुक्की दिखाई दी, लेकिन कहीं भी चाकू या किसी धारदार हथियार से हमला होता नजर नहीं आया। इतना ही नहीं, कथित घायल ज्ञान सिंह झगड़े के बाद सामान्य रूप से ट्रैक्टर चलाते हुए भी दिखाई दिए।
इसके बाद पुलिस ने गहन पूछताछ की तो पूरा मामला खुल गया। जांच में सामने आया कि ज्ञान सिंह के खिलाफ दूसरे पक्ष की ओर से फायरिंग की शिकायत दर्ज थी। कानूनी कार्रवाई से बचने और विरोधियों पर हत्या के प्रयास की धारा लगवाने के लिए उन्होंने फरीदाबाद निवासी ओटी टेक्नीशियन ललित कुमार की मदद ली। आरोप है कि पांच हजार रुपये के बदले ललित ने सर्जिकल ब्लेड से उनकी छाती पर गहरा चीरा लगाया।
गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि आरोपी ललित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जल्द ही बुजुर्ग को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
पहले भी खेला जा चुका है फंसाने का खेल
कुछ दिन पहले ही धतीर गांव में दूसरे पक्ष को फंसाने का एक और मामला सामने आया था। हालांकि, जिम में हुई कथित फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि जिम संचालक शेखर ने अपने विरोधियों को हत्या के प्रयास के मामले में फंसाने के लिए खुद ही फायरिंग की थी। पुलिस के अनुसार, विरोधी पक्ष ने जिम और बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ की थी, लेकिन कोई गोली नहीं चलाई थी। बाद में शेखर ने गंभीर धाराएं लगवाने के उद्देश्य से जिम परिसर में गोलियां चलाई। पुलिस ने शेखर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन अवैध हथियार और लोहे की रॉड बरामद की है।