हथीन।
उटावड-नूंह रोड पर ताहिर ट्रक पार्किंग के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान ममरेज पुत्र कल्लू निवासी गांव बीसरू, थाना बिछोर, जिला नूंह के रूप में हुई है। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक के बेटे आरिफ खान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता ममरेज मानसिक रूप से कमजोर थे और 4 अप्रैल को घर से निकल गए थे। परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। 12 अप्रैल की सुबह करीब 7 बजे सूचना मिली कि उटावड-नूंह रोड पर एक अज्ञात वाहन ने एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी है। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। बाद में परिजनों ने मौके पर पहुंचकर मृतक की पहचान की। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल अलमुद्दीन ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फरार चालक की तलाश जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।