वैश्य अग्रवाल सभा एवं युवा अग्रवाल सभा ने चीन निर्मित सामान के बहिष्कार का आह्वान किया है। दोनों संस्थाओं के पदाधिकारियों ने एक बैठक कर कहा कि इसके लिए घर-घर अभियान चलाया जाएगा। बैठक में कहा गया कि अग्रवाल समाज से संबंधित सभी व्यापारी एवं छोटे दुकानदार चीनी सामान का पूरी तरह से बहिष्कार करेंगे। इसके अलावा दीपोत्सव पर परंपरागत मिट्टी के दियों का इस्तेमाल करने का फैसला लिया गया ।
बैठक में यह प्रस्ताव युवा अग्रवाल सभा के प्रधान अंकित सिंगला ने रखा तथा सभी ने एक स्वर में इसका समर्थन किया। बैठक की अध्यक्षता वैश्य अग्रवाल सभा के प्रधान संरक्षक भूपेश्वर प्रताप ने की तथा संयोजन वैश्य अग्रवाल सभा के प्रधान मास्टर किशनचंद जैन ने किया। इस मौके पर सभा की नई कार्यकारिणी ने कार्यभार ग्रहण करते हुए भविष्य की रणनीति भी पेश की।
अग्रवाल समाज के सामाजिक कार्यक्रमों को बढ़ावा देने का भी फैसला लिया गया। सभा के प्रधान मास्टर किशनचंद जैन एवं मुख्य सलाहकार राकेश गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज अन्य समाजों के साथ मिलकर महाराजा अग्रसेन के सर्व समाज एकता के नियमों पर चलेगा। इस मौके पर संरक्षक प्रकाश गोयल, नगर पालिका के उपाध्यक्ष सुभाष सिंघल, मुख्य सलाहकार सतीश एडवोकेट, सुनील गोयल, नरेश चौधरी, प्रमोद सिंगला, जगतप्रकाश, मंगतूराम, कर्मचंद जैन, नरेश गर्ग, परमा सिंघल एवं सुरेशचंद साध ने भी बैठक को संबोधित किया।