पलवल। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने होडल के पांच गांवों को महाग्राम परियोजना में शामिल किया है। इनमें 44 करोड़ 37 लाख रुपये से सीवर लाइन बिछाने व पेयजल आपूर्ति में बढ़ोतरी की सौगात दी गई है। लघु सचिवालय में रविवार को आयोजित जिला स्तरीय समारोह में परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा व हरियाणा भूमि सुधार आयोग के चेयरमैन जगदीश नायर ने गांव औरंगाबाद, दीघोट, भिडूकी, सौदहंद व खांबी में कार्यों का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की 163 परियोजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जाएगा, जिसके तहत सभी जिला नागरिक अस्पतालों में बेड की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक जिले में एक-एक मेडिकल कॉलेज भी खोले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश का बजट एक लाख 55 हजार करोड़ रुपये का बनाया गया है। जिसमें भविष्य में पानी की जरूरत व बचत के लिए द्विवर्षीय जल प्रबंधन योजना बनाई गई है, ताकि पानी की अधिक से अधिक बचत करना सुनिश्चित हो सके। सिंचाई विभाग के बजट की बढ़ोतरी की गई, जिसमें माइक्रो सिंचाई प्रणाली को बढ़ाया जाएगा। गंदे पानी के लिए ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जा रहे हैं ताकि इस पानी का भी विभिन्न कार्यों में प्रयोग किया जा सके। सरकार ने परिवार पहचान-पत्र योजना बनाई है, जिसके तहत एक लाख न्यूनतम आय वाले परिवारों की पहचान कर उनकी वार्षिक आय बढ़ाई जाएगी, ताकि उनका जीवन यापन अच्छी प्रकार से हो सके।
परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने होडल के पांच गांवों को महाग्राम योजना में शामिल कर बहुत ही सराहनीय कार्य किया है। अब इन गांवों में शहरों की तर्ज पर सीवरेज लाइन बिछाने व पेयजल आपूर्ति में बढ़ोतरी के कार्य तेजी से होंगे। विधायक जगदीश नायर ने कहा कि इन गांवों में सीवर लाइन व पेयजल आपूर्ति लाइन बिछाने, भूमिगत जलाशय बनाने, जनरेटर सेट लगाने जैसे कार्य 18 महीने में पूरे किए जाएंगे। भविष्य में जल्द ही गांव बंचारी को भी इस योजना से जोड़ा जाएगा। इस मौके पर विधायक दीपक मंगला, प्रवीण डागर, उपायुक्त नरेश नरवाल, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित कुमार, नगराधीश अंकिता अधिकारी, भाजपा के जिलाध्यक्ष चरण सिंह तेवतिया, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता रमेश कुमार मौजूद रहे।