पलवल। निजी स्कूलों के खिलाफ पिछले 197 दिन से लघु सचिवालय पर धरना दे रहे भारतीय किसान यूनियन (अ) के पदाधिकारियों ने बुधवार को जिलाध्यक्ष ऋषिपाल चौहान के नेतृत्व में जिला उपायुक्त कृष्ण कुमार को ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री हरियाणा के नाम सौंपे गए ज्ञापन में सभी स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें लागू करने की मांग की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि भारतीय किसान यूनियन अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर पिछले 197 दिन से निरंतर धरना दे रही है। गर्मी, सर्दी और बारिश के बावजूद भी धरना जारी रखा। इस दौरान उन्होंने कई बार अधिकारी और नेताओं को ज्ञापन सौंपे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल से की गई पांच मांगों से एक को मुख्यमंत्री ने माना और निर्देश दिए कि सभी निजी स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें पढ़ाई जाएं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बावजूद भी ज्यादातर स्कूलों में अलग-अलग प्रकाशकों की किताबें पढ़ाई जा रही हैं। स्कूल कमीशन के लिए निर्धारित दुकानों से ही किताबें मंगवाते हैं, जो काफी मंहगी होती हैं। इससे अभिभावकों को परेशानी होती है। जिला उपायुक्त ने उनकी मांगें मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर सुनील डागर, गंगालाल रावत, रविंद्र पाहिल, इंद्रजीत कुंडू, लाल सिंह कुंडू, सुरेंद्र तेवतिया, राहुल तंवर, राजकुमार घुघेरा, लाल सिंह खुटेला, करतार चौधरी आदि मौजूद रहे।