ससुराल में एक विवाहित महिला की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुरावालों के खिलाफ दहेज के लिए जहर देकर मारने का आरोप लगाया है। चांदहट थाना पुलिस ने महिला के भाई की शिकायत पर सुसराल पक्ष की चार महिलाओं सहित सात नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जांच अधिकारी सत्यनारायण के मुताबिक, यूपी के जिला अलीगढ़ के गिंडोरा निवासी शिव कुमार ने शिकायत दी है कि उन्होंने अपनी बहन कुसुम की शादी पलवल के गांव रसूलपुर निवासी बिजेंद्र के साथ की थी। हैसियत अनुसार दान-दहेज भी दिया था, लेकिन सुसराल के लोग उससे से संतुष्ट नही थे।
वे अक्सर कुसुम से दहेज में एक लाख रुपये लाने की मांग करते। पैसे लाने में असमर्थता जताने पर कुसुम के साथ अक्सर मारपीट की जाती थी। पीड़ित का आरोप है कि दहेज न लाने पर मंगलवार को कुसुम को उसके पति बिजेंद्र, ससुर धर्मसिंह, सास खजानी, जेठ हेमेंद्र, जेठानी महेश, ननंद कमला व कमलेश ने मिलकर जहरीला पदार्थ खिला दिया। इससे बुधवार को उपचार के दौरान कुसुम की पलवल के निजी अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।