गांव मढनाका से एक नाबालिग लड़की के कथित रूप से अपहरण का मामला सामने आया है। अपहरण का आरोप गांव के एक प्राइवेट स्कूल के चार शिक्षकों पर लगा है। हथीन थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर लिया गया है। समाचार लिखे जाने तक लड़की कोई सुराग नहीं लग पाया था।
हथीन थाना में लड़की के पिता ने मुकदमा दर्ज कराया कि उनकी बेटी 10वीं कक्षा की छात्रा है। वह गांव में स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ती है। उसका अपहरण स्कूल में कार्यरत चार शिक्षकों गिरिधारी, हेमंत, जीतू व लोकेश ने कर लिया है। गिरीधारी मिंडकोला निवासी है, जबकि हेमंत और जीतू मढनाका के व लोकेश ओमनगर आलूका का रहने वाला है। एसएचओ देवेंद्र सिंह ने बताया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नाबालिग लड़की की तलाश की जा रही है।
पिता बोले, निर्दोष है बेटा
वहीं, मामले में आरोपी हेमंत के पिता रमेश कहना है कि उनका बेटा निर्दोष है। पुलिस को गहराई से जांच करनी चाहिए। एसएचओ देवेंद्र सिंह का कहना है कि मामले में कथित आरोपियों और लड़की के मोबाइल कॉल की डिटेल्स निकलवाई गई है। उसी आधार पर कड़ियों को जोड़कर जांच की जा रही है। किसी निर्दोष को नहीं फंसाया जाएगा।