पुलिस ने बुधवार की देर शाम गश्त के दौरान शहर के तिजारा मार्ग से गुड़गांव के मानेसर से बाइक चोरी कर राजस्थान की ओर जा रहे एक बदमाश को चोरी की बाइक व अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे अदालत ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।
फिरोजपुर झिरका शहर चौकी प्रभारी कुलदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बुधवार की शाम सिटी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक बदमाश गुड़गांव के मानेसर से बाइक चोरी कर तिजारा मार्ग की ओर से राजस्थान के चोरगढ़ी में उसे बेचने के लिए जा रहा है। इस बीच पुलिस ने बदमाश को पकड़ने के लिए योजना बनाकर एएसआई किशन सिंह, एएसआई कल्लू खां व हवलदार मनोज कुमार सिपाही जमशेद खान तथा भगवान दास के रूप में एक टीम गठित कर बदमाश को पकड़ने के लिए तिजारा मार्ग पर तैनात किया।
इस दौरान जैसे ही बदमाश चोरी की बाइक पर सवार होकर तिजारा टी प्वाइंट के समीप आया तो पुलिस ने उसे चाराें ओर से घेर लिया और उसे काबू कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी बदमाश की मौके पर तलाशी ली गई तो उससे पुलिस को एक देशी कट्टा और चोरी की बाइक बरामद हुई। बदमाश ने चोरी की हुई बाइक को मानेसर से चुराया था, जिसे वह बेचने के लिए राजस्थान के चोरगढ़ी में ले जा रहा था।
जांच अधिकारी एएसआई किशन सिंह ने बताया कि आरोपी की पहचान अरशद पुत्र इसहाक निवासी चोरगढ़ी थाना खोह जिला भरतपुर के रूप में हुई है। गहनता से जांच पड़ताल के दौरान आरोपी बदमाश इससे पहले भी हथियार के बल पर गुड़गांव, मेवात और राजस्थान के कई जिलों में चोरी व लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। इस क्रम में आरोपी बदमाश के खिलाफ उक्त जिलों के थानों के कई मुकदमे दर्ज हैं।