सदर थाना क्षेत्र के गांव पृथला में शुक्रवार की शाम को कुएं से दो सगी बहनों के शव बरामद हुए। दोनों लड़कियां अपने परिजनों के साथ गेहूं की कटाई के लिए पलवल आई हुईं थीं। पुलिस ने शनिवार को पलवल के सिविल अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
गदपुरी पुलिस चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनोद कुमार के अनुसार, शुक्रवार की शाम को उन्हें सूचना मिली थी कि दो सगी बहनें गांव पृथला के जंगल में कुएं में गिरकर मर गई हैं। पुलिस ने गांव वालों के सहयोग से दोनों बहनों के शव कुएं से निकाले। मृतक लड़कियों के पिता करण सिंह मूलरूप से मथुरा जिला के अंतर्गत थाना कोसीकलां के गांव कावंरका के रहने वाले हैं।
करण सिंह अपने परिवार के साथ यहां गेहूं की कटाई का काम करने के लिए आए हुए थे। चौकी इंचार्ज के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शुक्रवार को करीब तीन बजे के करीब करण सिंह की 14 वर्षीय छोटी बेटी प्रीति कुएं में कूद गई थी, थोड़ी ही दूरी पर खड़ी 18 वर्षीय बड़ी बहन राजवती प्रीति को बचाने के लिए स्वयं भी कुएं में कूद गई। तैरना नहीं जानने के कारण दोनों बहनें कुएं में ही डूबकर मर गईं। जांच अधिकारी के अनुसार, फिलहाल पुलिस ने धारा 174 की कार्रवाई कर पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।