शहर थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के परिजनों की शिकायत पर आरोपी वाहन चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिए।
हथीन गेट चौकी इंचार्ज जसवीर सिंह के अनुसार माता मोहल्ला निवासी प्रसादी लाल ने शिकायत दी है कि उनका भाई किशन गांव लालवा अड्डे पर सब्जी बेचने का कार्य करता था। बुधवार की शाम को वह अपने घोडा-तांगे से वापस घर आ रहा था। ईरा ग्रुप के पास अज्ञात वाहन ने उसको टक्कर मार दी। जिससे मौके पर उसकी मौत हो गई।
दूसरी घटना में परशुराम कॉलोनी निवासी दीपक ने शिकायत दी है कि वह रात के समय बाइक पर सवार होकर अपने खेत पर जा रहा था। सरस्वती कॉलेज के समीप गोरिल्ला मोहल्ला निवासी ब्रहमदत्त सड़क पर पैदल जा रहा था। ब्रहमदत्त को एक ट्रक के चालक ने टक्कर मार दी व फरार हो गया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। पुलिस ट्रक नंबर के आधार पर चालक को खोज रही है।