एनएच-2 स्थित पृथला गांव के समीप कांवड़ियों द्वारा कार सवार दो भाईयों से लूटपाट, कार को क्षति पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने चार नामजद सहित 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
सदर थाना प्रभारी संदीप मोर के अनुसार गांव पृथला निवासी जयवीर पुत्र धर्मवीर ने शिकायत दर्ज कराई है कि गांव फिरोजपुर निवासी सुरेंद्र मलिहार, धीरज बघेल, हरेंद्र राणा और महेश सहित 15 से अधिक युवक एक अगस्त को डाक कांवड़ लेकर आ रहे थे। पृथला के पास जयवीर अपने भाई के साथ कार में सवार था।
आरोप है कि उसी दौरान उक्त आरोपियों ने पीड़ित से एक सोने की चैन लूट ली, विरोध करने पर मारपीट की और कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। जयवीर की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।