एनएच-2 स्थित गांव तुमसरा टोल प्लाजा पर कार सवार एक युवक से मारपीट व लूटपाट का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित ने मामले में टोलकर्मियों पर ही वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाया है। शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने दो नामजद सहित लगभग 20 अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
एएसआई मलखान सिंह के अनुसार फरीदाबाद जिले के गांव अनंगपुर निवासी जितेंद्र भड़ाना ने शिकायत दर्ज कराई है कि शनिवार की रात को वह अपनी कार से यूपी स्थित कोकिलावन धाम शनिदेव मंदिर पर दर्शन करने के लिए जा रहा था। गांव तुमसरा स्थित टोल प्लाजा पर पहुंचा तो टोल संचालक महेश उर्फ भुरा, राहुल व 20 अन्य लोगों ने उसकी कार को रोक लिया और उसके साथ मारपीट की।
शिकायतकर्ता जितेंद्र का आरोप है कि इसी दौरान उक्त लोगों ने उससे एक सोने की चैन व 10 हजार रुपये की नगदी को लूट लिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरु कर दी है।