नीरज की मौत पर शोकग्रस्त परिवार
- फोटो : अमर उजाला
होडल थाना क्षेत्र के गांव सोंदहद में गर्मी के चलते जोहड़ में नहाने गए तीन बच्चे डूब गए। चीख-पुकार सुनकर समीप के ही घर के नौंवी कक्षा के एक छात्र ने अपनी जान पर खेल कर दो बच्चों को बचा लिया, जबकि एक बच्चे की मौत हो गई। परिजनों व ग्रामीणों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।
जानकारी के अनुसार गांव सोंदहद निवासी 10 वर्षीय नीरज पुत्र अपने साथियों आठ वर्षीय रामस्वरूप पुत्र किशोर व कृष्ण के साथ रविवार की सुबह करीब 11 बजे गांव के सूरजकुंड जोहड़ पर नहाने के लिए गया था। तीनों बच्चे जोहड़ में उतरे ही थे कि वह गहरे पानी की तरफ पहुंच गए। जहां देखते ही देखते तीनों डूबते ही चले गए। चीख-पुकार सुनकर जोहड़ के समीप ही रहने वाले नौवीं कक्षा का छात्र गौरव पुत्र गोविंद पहुंच गया। उसे राम व कृष्ण डूबते दिखे।
इस पर गौरव अपनी जान की परवाह किए बिना जोहड़ में उतर गया व उन दोनों को बचा कर बाहर निकाल लाया। बाद में पता चला कि उनके साथ नीरज भी था, जो कि जोहड़ में ही रह गया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घंटों की मशक्कत के बाद नीरज को बाहर निकाला।
उसे एनएच-2 स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां डाक्टर ने नीरज को मृत घोषित कर दिया। परिजनों व ग्रामीणों ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही गांव के शमशान घाट में मृतक नीरज का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।
-घटना के बारे में तो उन्हें पता चला था कि दो बच्चे जोहड़ में डूब गए हैं। वे मौके पर पहुंचे तो पता चला कि दोनों को बचा लिया गया है। तीसरे बच्चे के डूबने या उसकी मौत की उनके पास ना तो कोई जानकारी थी व ना ही सूचना। मामले का पता लगाया जाएगा व जांच की जाएगी।
- चंद्रशेखर, चौकी प्रभारी, पुन्हाना मोड़, चौकी।