नेशनल हाईवे से लगी श्याम कॉलोनी में कन्या पूजन के नाम पर एक महिला द्वारा 10 वर्षीय लड़की के कथित रूप से अपहरण का मामला सामने आया है। घटना 17 फरवरी की है। शिकायत के बाद भी जब लापता बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा तो कॉलोनी की सैकड़ों महिलाएं सोमवार को थाना परिसर पहुंच गईं। महिलाओं ने थाना प्रभारी सुनील कादियान से मामले का शीघ्र खुलासा किए जाने की गुहार लगाई।
कॉलोनी के लोगों ने दो दिन पहले आरोपी महिला को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। थाना प्रभारी द्वारा आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर तुरंत कार्रवाई के आश्वासन के बाद ही महिलाओं का गुस्सा शांत हुआ।
गौरतलब है कि श्याम कॉलोनी निवासी मूलचंद परिवार के साथ किराये के मकान में रहते हैं। उन्होंने बताया कि की पड़ोस में रहने वाली एक महिला 17 फरवरी को उनके घर पहुंची। महिल उनकी 10 वर्षीय बेटी को यह कहकर अपने साथ ले गई कि उनके यहां कन्या पूजन का कार्यक्रम है।
जब बच्ची काफी देर तक घर नहीं पहुंची तो महिला से पूछताछ की गई, जिस पर वह टाल-मटोल करने लगी। पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना आसपास के लोगों और थाना पुलिस को दी। दो दिन बीतने के बाद भी जब लापता बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा, तो कॉलोनी की सैकड़ों महिलाओं ने आरोपी महिला को काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया, लेकिन पुलिस ने पूछताछ कर उसे छोड़ दिया। सोमवार को गुस्साई सैकड़ों महिलाएं और पुरुष थाना परिसर पहुंच गए। उन्होंने थाना प्रभारी से लापता बच्ची का शीघ्र सुराग लगाने की गुहार लगाई।