पुलिस की गिरफ्त में डकैती व हत्या के आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस के लिए चुनौती बने पूर्व विधायक के चचेरे भाई के घर में हुई डकैती व हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर लिया है। आरोपियों से मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
शुक्रवार की सुबह एसपी राहुल शर्मा ने अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि मामले को सुलझाने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया था। जिसमें पहली सफलता के दौरान सीआईए पुलिस टीम ने गांव कर्सर जिला दरभंगा (बिहार) निवासी छोटे उर्फ मुखिया पुत्र जोगा को गिरफ्तार किया।
मुखिया पूर्व में पीड़ितों के खेत पर मजदूरी कर चुका था। जिससे पूछताछ में पता चला की गैंग का सरगना गांव देवली निवासी लाला पुत्र बदना है, जिसके पास छोटे रहता था और उनके साथ पांच-छह अन्य साथी है। एसपी शर्मा के अनुसार, इसी कड़ी में कार्रवाई करते हुए कैंप थाना एसएचओ सब इंस्पेक्टर रविंद्र की टीम ने लाला पुत्र बदना को बृहस्पतिवार को गांव देवली से गिरफ्तार कर लिया। एसपी शर्मा के अनुसार आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ के दौरान मृतका का मोबाइल बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उन्होंने बताया कि टीम जांच में लगी हुई है, बाकी आरोपियों को भी जल्द से जल्द से गिरफ्तार कर लिया जाएगा।