शहर में लुटेरों का आंतक लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को कैंप थाना में लूट के दो मामले दर्ज किए गए। एक जगह से बाइक सवार दो युवक युवती का पर्स लूटकर फरार हो गए। वहीं, दूसरी वारदात में जेसीबी चालक के साथ मारपीट और लूटपाट हुई। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जबकि एक मामले में पुलिस ने एक आरोपी को नामजद भी किया है।
लूट नंबर 1:- पलवल सैनी नगर निवासी आदेश यादव ने शिकायत में बताया कि वह सोनू नामक व्यक्ति की जेसीबी पर चालक के रूप में कार्यरत है। 28 फरवरी की शाम करीब चार बजे वह जेसीबी मशीन को रसूलपुर चौक से लेकर कुश्लीपुर जा रहा था। जब वह एनएच-टू पर गांव धौलागढ़ के समीप पहुंचा, तो शेखपुरा मोहल्ला निवासी धीरज अपने दो अन्य साथियों के साथ आया। उन लोगों ने जबरन जेसीबी मशीन रुकवा दी और उसके साथ मारपीट करने लगे। आरोपी उक्त युवक से 17,500 रुपये लूटकर फरार हो गए।
लूट नंबर 2:- पलवल न्यू कॉलोनी निवासी नेहा पुत्री राकेश ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह फरीदाबाद निजी बैंक में नौकरी करती है। प्रतिदिन की तरह नेहा एक मार्च को बैंक से अपने घर आ रही थी। जब वह बालाजी अपार्टमेंट के पास अपने घर के बहार पहुंची, तो बाइक नंबर (एचआर-30,क्यू-1562) पर सवार दो अज्ञात युवक उसका पर्स छीनकर भाग गए। पीड़िता के अनुसार, उसके पर्स में 600 रुपये, एटीएम कार्ड, रेलवे पास, एक आई कार्ड व जरूरी कागजात थे।