शहर में लूटपाट और मारपीट करने के तीन मामले सामने आए हैं। इसमें सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो और एक मामला कैंप थाना क्षेत्र का है। एक जगह से लुटेरे 35 हजार और दूसरी जगह से 1500 रुपये लूटकर फरार हो गए जबकि कैंप थाना क्षेत्र में मारपीट का मामला सामने आया है। शहर में हुई कुल तीन वारदात में से दो में पुलिस की संलिप्तता भी पाई गई है। एक मामले में पीड़ित ने पुलिस वाले को पहचाने की पुष्टि भी की है। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायतों पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार एसजीएम नगर (फरीदाबाद) निवासी सुभाषचंद ने सदर थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने साथी अनिल के साथ गत दिवस अपने किसी काम से होडल जा रहे थे। जब वह गांव दिघौट के समीप पहुंचे तो पल्सर बाइक पर सवार होकर दो युवक आए, उन्होंने पीड़ित के साथ मारपीट की 35 हजार रुपये की नगदी लूटकर फरार हो गए।
इसी प्रकार गुरदासपुर (पंजाब) निवासी रणजोध ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने ट्रैक्टर-रीपर को लेकर एनएच-टू होते हुए होडल की तरफ जा रहे थे। तभी एनएच-टू पर शुगर मिल के समीप एक अल्टो कार नंबर (एचआर-27,डी-0063) आकर रुकी। इसमें से दो व्यक्ति उतरे, जिनमें एक व्यक्ति ने पुलिस वर्दी पहनी हुई थी। उक्त व्यक्तियों ने पहले पीड़ित के साथ मारपीट की और उससे 1500 रुपये लूटकर फरार हो गए। इसी प्रकार ओमेक्स सिटी निवासी वसीम अकरम ने कैंप थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि वह होडल की तरफ से पलवल की तरफ आ रहे थे। तभी केएमपी के समीप अल्टो कार नंबर (एचआर-27,डी-0063) बड़ी लापरवाही से चलते हुए आ रही थी।
वहीं उक्त कार सवार लोगों ने कार रोककर पीड़ित के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने एक व्यक्ति को पुलिस वाला बताया है। उसने उसका नाम आसिफ बताया जबकि वह दूसरे साथी की पहचान नहीं कर सका।
1500 रुपये की लूट करने वाले मामले और अल्टो में सवार पुलिसकर्मी को एक ही बताया गया है। इसके साथ दोनों ही वारदात में शामिल अल्टो का नंबर भी एक ही है। लूट वाले पीड़ित ने पुलिसवाले की पहचान भी कर ली है। पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। इस बारे में एसपी सुलोचना गजराज का कहना है कि अभी गाड़ी की शिनाख्त कराई जा रही है साथ ही पुलिस बताए जा रहे व्यक्ति की भी जांच की जा रही है। अगर वह पुलिसवाला निकालता है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।