पंचायत समिति हथीन की बुधवार को हुई बैठक में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों एवं समिति के सदस्यों के बीच जमकर हंगामा हुआ। हंगामे व विवाद के बीच कर्मचारियों ने डराने के लिए देसी पिस्तौल भी लहराई । इस मामले में ब्लॉक समिति के चेयरमैन जाकिर हुसैन एवं सभी सदस्यों ने कर्मचारियों के खिलाफ तथा उनके साथ आए बाहरी लोगों के खिलाफ हथीन थाना में मुकदमा दर्ज कराने के लिए शिकायत दी है।
शिकायत के अनुसार समिति के चेयरमैन जाकिर हुसैन अपने कक्ष में समिति के वाइस चेयरमैन नेतराम एवं अन्य सदस्यों के साथ बैठक कर रहे थे। चेयरमैन एवं सदस्यों की तरफ से आरोप लगाए गए कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सोनू एवं निर्भय अपनी वास्तविक ड्यूटी नहीं देते हैं, जिस पर विवाद बढ़ गया। चेयरमैन का कहना है कि विवाद बढ़ता देख उन्होंने मामले को शांत करने का प्रयास किया। इसी बीच कुछ बाहरी लोग भी आ गए। ये लोग चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का पक्ष ले रहे थे। आरोप है कि बाहर से आए लोगों ने कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ भी की तथा चेयरमैन एवं मेंबर के बारे में अभद्र टिप्पणियां भी की । बीच-बचाव में दोनों गुटों के बीच झगड़ा बढ़ गया।
जान से मारने की दी धमकी
चेयरमैन ने शिकायत आरोप लगाया गया है कि एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बैठक में अवैध पिस्तौल भी लेकर आया व जान से मारने की धमकी दी। इस घटनाक्रम के बाद एक ओर जहां चेयरमैन एवं अन्य सभी सदस्यों ने हथीन थाना में मुकदमा दर्ज कराने के लिए शिकायत दी, तथा डीएसपी बलवीर सिंह एवं एसडीएम सतेंद्र सिवाच से भी मिले।
दूसरी तरफ चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने भी बीडीपीओ के नाम दरख्वास्त लिखकर अपनी स्थिति स्पष्ट की है। चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का कहना है कि समिति की बैठक में उनके हाथ से सरकारी रिकॉर्ड लेकर फाड़ा गया तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के बारे में अभद्र टिप्पणियां की गईं, जिस पर विवाद बढ़ा। फिलहाल मामले को लेकर तनाव बना हुआ है व पुलिस तफ्तीश कर रही है।