गांव असावटी में एक मकान के पास बने भैंसों के तबेले में दो दिन की लावारिस बच्ची मिली है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और चाइल्ड लाइन टीम को फोन पर सूचना दी। डॉक्टरों के मुताबिक बच्ची की डिलीवरी सात महीने में हुई है।
चाइल्ड लाइन की टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर नवजात बच्ची को कब्जे में लिया और उपचार के लिए पलवल सिविल अस्पताल भिजवा दिया। जहां से बच्ची को नल्हड़ मेडिकल कॉलेज नूंह रैफर कर दिया गया है। बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई और उसके पैरों को चीटियों ने काटा हुआ है।
चाइल्ड अधिकारी रचना सौरोत ने बताया कि गांव असावटी में सुदंरलाल का मकान खेतों के निकट बना हुआ है। मकान के पास भैंसों के तबेले में नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी। जिस पर आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस व चाइल्ड अधिकारी की टीम ने मौके पर पहुंचकर देखा की बच्ची के शरीर पर चीटियां लगी हुई है। घायल अवस्था में बच्ची को सिविल अस्पताल पलवल लाया गया।