कस्बा हसनपुर में रुपयों के लेनदेन को लेकर एक व्यक्ति की दिन-दहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली मृतक के सिर के पास लगी है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन व हसनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पलवल के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
हसनपुर थाना प्रभारी कुंदन लाल ने बताया कि गांव कुशक निवासी राजेश ने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह गांव टप्पा निवासी संदीप व इंद्रानगर निवासी हरीश उसके भाई बिजेंद्र को बाइक पर अपने साथ बैठाकर खेतों पर ले गए थे। पीड़ित ने आरोप लगाया कि बिजेंद्र व इनके बीच रुपयों के लेनदेन का विवाद था। हत्या के एक दिन पहले भी बिजेंद्र ने बैंक से रुपये निकालकर संदीप व हरीश को दिए थे। उसने बताया कि
आरोपी बाइक पर लेकर हरीश के खेत पर पहुंचे जहां बिजेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक बिजेंद्र के सिर के पास गोली लगी है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।