एटीएम के साथ छेड़छाड़ कर रुपये निकालने वाले गैंग के सदस्यों ने पुलिस के एक दारोगा को एक लाख रुपये की चपत लगा दी। वहीं एक अन्य व्यक्ति के एटीएम से भी 20 हजार रुपए की नगदी निकाल ली। दोनों घटनाएं कैंप थाना क्षेत्र की हैं, पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर लिए हैं।
कैंप थाना एसएचओ सब-इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार के अनुसार गांव आलदौका निवासी चंदन सिंह पलवल सीआईए में एएसआई के पद पर कार्यरत है। दो जुलाई को वह अपने सरकारी कार्य से न्यू कालोनी पलवल आया हुआ था। वापस जाते समय रास्ते में कहीं उसका पर्स गिर गया। इसमें एटीएम, ड्राइविंग लाइसेंस, पुलिस का पहचान पत्र सहित जरूरी कागजात थे।
तीन जुलाई की सुबह चंदन के मोबाइल फोन पर मैसेज आया कि किसी ने महर्षि दयानंद चौक (आगरा चौक) स्थित एसडीएफसी एटीएम से उसके खाते में से एक लाख रुपये निकाल लिए हैं। दूसरे मामले में नई बस्ती सल्लागढ़ निवासी प्रतापसिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि सात मार्च 2016 को वह यूनियन बैंक के एटीएम से पैसे निकाल रहे थे। तभी तीन लड़के आए और उसे गुमराह कर उसका एटीएम कार्ड बदल लिया।
थोड़ी देर में मोबाइल पर मैसेज आया कि उसके खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए गए। पुलिस ने दोनों मामलों में शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।