सदर थाना क्षेत्र के गांव बामनीखेड़ा के खेत में बुधवार रात को सो रहे 45 वर्षीय किसान की गला रेतकर हत्या कर दी गई। बृहस्पतिवार सुबह सैर करने के लिए गए पड़ोसियों द्वारा घटना की सूचना मृतक के परिजनों व पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डीएसपी डॉ. अभिमन्यु लोहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
मौके पर ही डॉग स्कवायड टीम, फ्रिंगर प्रिंट व एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल का मौका मुआयना कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपकर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव बामनीखेड़ा निवासी रामसहाय उर्फ कलुआ का रेलवे फाटक पार रसूलपुर मार्ग पर खेतों में एक प्लॉट है, जहां पर वह अपने पशुओं की देखभाल के लिए रहता था और रात के समय वहीं पर सोता था। बुधवार देर रात रामसहाय अपने घर से प्लॉट पर सोने के लिए गया था, जहां पर देर रात किसी ने रामसहाय की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी।
मृतक के भतीजे राहुल शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि रामसहाय का किसी के साथ कोई विवाद नहीं था। इसके अलावा किसी से रंजिश की भी कोई बात नहीं रही है। गांव के सरपंच महावीर शर्मा का कहना है कि मृतक अपने काम में ही व्यस्त रहता था।
कई पहलुओं से चल रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही वे खुद फोर्स व जांच टीमों के साथ मौके पर पहुंच गए थे। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस कई पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है, शीघ्र ही खुलासा कर दिया जाएगा। -डॉ. अभिमन्यु लोहान, डीएसपी, पलवल