शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोहना मोड़ के नजदीक पेट्रोल पम्प के सामने एक गाड़ी की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया तथा गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी हरपाल सिंह ने बताया कि गांव रीबड़ निवासी संजय ने शिकायत दी है कि वह और उसका पिता धर्म सिंह मीनार गेट से पैदल आगरा चौक की तरफ जा रहे थे। जैसे ही पेट्रोल पम्प के सामने पहुंचे एक गाड़ी चालक ने पीछे से उसके पिता को टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद गाड़ी चालक गाड़ी को भगा ले गया। टक्कर लगने से धर्म सिंह बेहोश होकर रोड पर गिर गए।
लोगों की सहायता से उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया जहां पर डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए फरीदाबाद रेफर कर दिया। फरीदाबाद के अस्पताल में इलाज के दौरान धर्म सिंह की मृत्यु हो गई।