दो सगे भाइयों को बंधक बनाकर पीटा, रिपोर्ट
पलवल। दो सगे भाइयों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। वहीं पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उक्त लोगों ने 2900 रुपये की नकदी को भी लूट लिया। कैंप थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी धर्मेंद्र के अनुसार पलवल के ओमेक्स सिटी निवासी यशवीर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मूलरूप से गांव कोंडल का रहने वाला है और ओमेक्स सिटी में किराए पर रहता है। गत 5 मई को पीड़ित फ्लैट को खाली कर सामान को ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर ले जा रहा था। पीड़ित के साथ उसका भाई जयवीर भी मौजूद था। पीड़ित जब ओमेक्स सिटी के मेन गेट पर पहुंचा तो वहां पर मौजूद हरीश, गांव फुलवाड़ी निवासी योगेश, प्रभू, राजकुमार, प्रतीक व संजय ने उन्हें रोक लिया और कहा कि यदि यहां से जाना है तो पहले 50 हजार रुपये देने पडे़ंगे। पीड़ित ने उनका विरोध किया तो उक्त लोग दोनों भाइयों को अपने कार्यालय में ले गए और बंधक बना लिया। वहां उक्त लोगों ने दोनों पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और जेब में रखी 2900 रुपये की नकदी को लूट लिया। पीड़ित का भाई जयवीर आरोपियों के चंगुल से जैसे-तैसे छूटकर भागा और अपने साथियों को लेकर मौके पर पहुंचकर अपने भाई को मुक्त कराया।