जराली में बुधवार की रात हुई फायरिंग के मामले में बहीन थाना पुलिस ने 60 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट व संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
एसएचओ जसवीर सिंह के मुताबिक जराली निवासी यूनुस ने दी शिकायत में कहा है कि बुधवार रात करीब 7.30 बजे 60 लोगों ने उनके मकान को घेर लिया। आरोप है कि इन लोगों ने घर पर लाठी, बल्लम व फर्सों से हमला बोल दिया तथा गोलीबारी भी की। हमले में युनूस के अलावा असलम, अमीर, सकूनत, बुनियाद, मुफीद सहित आठ लोगों के गंभीर चोटें आईं हैं।
एसएचओ ने बताया कि फायरिंग की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस अधिकारी पहुंच गई थी। तथा दोनों पक्षों को शांत करा दिया था। अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है। अभी तक पुलिस ने एक पक्ष का ही मुकदमा दर्ज किया है दूसरे पक्ष की तरफ से पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है। बता दें कि गांव जराली में इकबाल गुट एवं कमरू गुट के बीच सरपंच पद का चुनाव हुआ था जिसमें इकबाल गुट विजयी रहा था। इसी रंजिश के चलते पिछले शनिवार को भी दोनों पक्षों में लाठी, बल्लम और फर्से चले थे।
पिछली बार कमरूद्दीन सरपंच था उसने नए सरपंच को पंचायत का पुराना रिकॉर्ड जमा नहीं कराया है। इसी के चलते चुनावी रंजिश चली आ रही है। डीएसपी पृथ्वी सिंह ने बताया कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा तथा सभी दोषियों को अरेस्ट करने के लिए छापामार कार्रवाई की जा रही है।
.