फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी के लिए तैयारी पूरी

विज्ञापन
विज्ञापन
लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी के लिए तैयारी पूरी
विज्ञापन

पलवल। लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी देने के लिए मतदाता तैयार हैं। देश का भविष्य तय करने के लिए रविवार को जिले के 6 लाख लोगों पर अपना दायित्व निभाने की जिम्मेदारी रहेगी। लोकसभा चुनाव के छठे चरण के मतदान के लिए फरीदाबाद संसदीय क्षेत्र में तैयारी पूरी कर ली गई है। शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त डा. मनीराम शर्मा की देखरेख में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर चुनाव सामग्री पहुंचा दी गई। चुनाव सामग्री मतदान केंद्रों पर लगाए गए वोटिंग अफसरों को सौंप दी गई। वहीं केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने के लिए जिले में पुलिस कर्मियों को तैनात कर दिया गया है।
इस लोकसभा चुनाव के लिए पलवल जिले में कुल 685 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पलवल में 241, हथीन में 247 व होडल में 197 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जिले में बनाए गए इन मतदान केंद्रों पर इस बार 6,02,984 मतदाता हैं। इनमें पलवल में 2,21,587, होडल में 1,75,746 तथा हथीन में 2,05,651 मतदाता हैं। प्रशासन व पुलिस विभाग मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से सतर्क है। जिला निर्वाचन अधिकारी डा. मनीराम शर्मा ने भी सभी चुनाव अधिकारियों को निष्पक्षता व ईमानदारी से मतदान कराने व मतदाताओं को ज्यादा से ज्यादा मतदान करने के लिए जागरूक करने को कहा है।
विज्ञापन


जिले में तैनात किए गए 2100 पुलिस कर्मी
जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने के लिए 2100 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें पैरा मिलिट्री के 300 जवान हैं। ये सुरक्षा कर्मी मतदान केंद्रों पर तैनात रहने के अलावा जिले में सुरक्षा व्यवस्था को संभालेंगे। जिले के अंदर उत्तर प्रदेश, राजस्थान व दिल्ली तरफ से आने वाले वाहनों पर नजर रखेंगे। जिला पुलिस कप्तान नरेंद्र बिजरानियां द्वारा शनिवार को ही मतदान केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा तैनात करने के साथ-साथ उत्तर प्रदेश से लगती करमन सीमा, चांदहट के पास रहीमपुर सहित सभी सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी है। इसके अलावा जिले में जगह-जगह पुलिस नाके लगा दिए गए हैं। हर आने जाने वाले वाहनों पर पूरी नजर रखी जा रही है।

संवेदनशील व अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर रहेगी पूरी नजर
पुलिस कप्तान नरेंद्र बिजरानिया ने बताया कि जिले में पलवल, होडल व हथीन में संवेदनशील व अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। इन मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। उनके अनुसार जिले में संवेदनशील 45 तथा अति संवेदनशील 166 मतदान केंद्र हैं। इनमें पलवल में 21, होडल में नौ, हथीन में 15 संवेदनशील तथा पलवल में 42, होडल में 34 व हथीन में 90 अति संवेदनशील मतदान केंद्र हैं। इन सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा कर्मियों के अलावा वरिष्ठ अधिकारियों की भी निगाह रहेगी। मतदान के दौरान किसी तरह की घटना, विवाद, झगड़ा न हो इसके लिए पूरे इंतजाम रहेंगे।

शराब के ठेके रहेंगे बंद
जिला निर्वाचन अधिकारी डा. मनीराम शर्मा ने बताया कि 12 मई को होने वाले मतदान से पहले शनिवार को शाम पांच बजे के बाद से जिले में स्थित सभी शराब के ठेकों को बंद करा दिया गया है। 13 मई से पहले कहीं भी कोई शराब का ठेका नहीं खुलेगा। इसके लिए आबकारी विभाग की टीम के अलावा आयोग की टीम की भी निगरानी रहेगी। यदि कहीं भी शराब का ठेका खुला मिला या किसी होटल, ढाबे पर शराब परोसती मिली तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन मुस्तैद, जगह-जगह लगाए नाके
सघन जांच के बाद ही जाने की अनुमति
अमर उजाला ब्यूरो
होडल। रविवार को होने वाले मतदान के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। पुलिस ने विधानसभा क्षेत्र की सभी सीमाओं पर नाकेबंदी लगा दी है। सीमाओं से आने जाने वाले वाहनों की सघन जांच के बाद ही आगे के लिए रवाना किया जा रहा है। चुनावों को लेकर पुलिस प्रशासन पिछले कई दिनों से सतर्कता बरत रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम द्वारा विभिन्न वाहनों से अब तक लाखों रुपये पकड़े जा चुके हैं। वाहनों की जांच के लिए होडल सीमा पर पुलिस द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तीन जगहों पर पुलिस नाके लगाए गए हैं जिनमें मुंडकटी, बाबरी मोड़ व करमन बार्डर शामिल हैं। इनके अलावा पुन्हाना और नूंह सड़क मार्ग पर भी वाहनों की सघन जांच की जा रही है।
चुनावों को लेकर जहां हरियाणा पुलिस को पोलिंग बूथों पर तैनात किया गया है, वहीं राजस्थान और गुजरात पुलिस की भी सहायता ली जा रही है। करमन बार्डर पर हरियाणा के अलावा यूपी पुलिस को भी वाहनों की जांच के लिए तैनात किया गया है। शराब माफियाओं पर कड़ी निगरानी की जा रही है। अवैध शराब विक्रेताओं पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
विज्ञापन

डीएसपी विवेक चौधरी ने बताया कि लोकसभा चुनावों को शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शहर में फ्लैग मार्ग निकाला गया है। सभी सीमाओं पर नाकाबंदी कर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। विधानसभा क्षेत्र के सभी बूथों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। हरियाणा के अलावा राजस्थान व गुजरात पुलिस टीम भी चुनावों में तैनात की गई है। उन्होंने बताया कि सभी नाकों पर सघन जांच के बाद ही वाहनों को आने जाने दिया जा रहा है। नकदी और अवैध शराब विक्रेताओं पर कड़ी नजर रखी जा रही है। 12 मई को होने वाले मतदान प्रक्रिया के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से शराब की बिक्री करने व दुकानें आदि बंद रखने के निर्देश दिए हैं। बार, पब या होटल में शराब की बिक्री पर भी पाबंदी रहेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें