एटा यूपी, दिल्ली के लिए उपयोगी....
पुलिस के हत्थे चढे़ दो बदमाश, हथियार व गाड़ी बरामद
पलवल। नेशनल हाईवे नंबर-19 पर दिनदहाड़े व्यापारी और चालक को गोली मारने के बाद लूटपाट कर भाग रहे आरोपियों को पकड़ने पहुंची अपराध जंच शाखा पुलिस टीम पर भी आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से गोलियां चलाई थी। पुलिस ने लुटेरों का मुकाबला करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि चार भागने में कामयाब हो गए। गिरफ्तार आरोपियों से पुलिस ने लूटी हुई स्कॉर्पियो गाड़ी, एक पिस्टल, एक तमंचा, सात कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश कर एक दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।
अपराध जांच शाखा प्रभारी सुरेश भड़ाना ने बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार कौशिक के निर्देशन में उनकी टीम आरोपियों का पीछा करते हुए दीघोट गांव पहुंची। लुटेरों ने अपने आप को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग कर चार बदमाश सेंट्रो कार में सवार होकर फरार हो गए, जबकि नई दिल्ली (नरेला) निवासी मोंटी उर्फ हरिओम व बल्लभगढ़ (आदर्श कॉलोनी) निवासी संकी उर्फ ऋषि गन्ने के खेत में छिप गए, जबकि चार अन्य आरोपी सेंट्रो कार में सवार होकर फरार हो गए। पुलिस ने खेत में सर्च आपरेशन शुरू किया। इस दौरान टीम ने मोंटी व संकी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार दोनों आरोपियों पर लूट के दर्जनभर मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जाएगी।
---------
टायर पंचर वाले के बयान पर मामला दर्ज
इस संबंध में सदर थाना पुलिस ने एक मामला हाईवे पर टायर पंचर की दुकान करने वाले बिहार के गांव सिंगारा निवासी निहाल की शिकायत पर दर्ज किया है। जिसमें निहाल ने बताया कि जिला एटा (यूपी) के राजाका रामपुर गांव निवासी तंबाकू विक्रेता रमेश कुमार अपनी स्कॉपियो गाड़ी में चालक भानू प्रताप के साथ पलवल की तरफ जा रहे थे, लेकिन उनकी गाड़ी का टायर पंचर हो गया। उन्होंने उसकी दुकान पर पंचर लगवाया। जब जाने लगे तो एक सेंट्रो कार में पांच-छह बदमाश आए और दोनों को गोली मारकर गाड़ी को लूटकर फरार हो गए।
----------
बचने के लिए पुलिस पर की थी फायरिंग
दूसरा मुकदमा अपराध जांच शाखा के हवलदार राकेश कुमार ने दर्ज कराया है कि जब पुलिस पार्टी आरोपियों को पकड़ने के लिए पहुंची तो दीघोट गांव के पास लुटेरों ने अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देखकर पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलानी शुरू कर दी। इस संबंध में पुलिस ने उक्त आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। अपराध जांच शाखा प्रभारी सुरेश भड़ाना ने बताया आरोपियाें से पूछताछ कर अन्य जानकारी जुटाई जा रही हैं।