संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। अनाज मंडी पलवल में कपास की आवक शुरू हो गई है। मंडी में अभी तक 14 हजार क्विंटल कपास की खरीद की जा चुकी है। मार्केट कमेटी के ऑक्शन रिकॉर्डर सतीश कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा कपास का समर्थन मूल्य 6650 निर्धारित किया है। मंडी में कपास की खरीद एमएसपी से अधिक रेट पर की जा रही है।
सतीश कुमार ने बताया कि कमेटी द्वारा कपास की खरीद को लेकर आढ़तियों को दिशा निर्देश जारी कर दिए गए है। मंडी में कपास न्यूनतम समर्थन मूल्य 6650 से अधिक 7350 रुपये तक बिक रही है। उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि फसल को सुखाकर और साफ करके मंडी में लेकर आए ताकि कपास का उचित रेट मिल सके। उन्होंने बताया कि मंडी में पीने के स्वच्छ पानी,बिजली व सफाई व्यवस्था का विशेष ध्यान दिया गया है।
गांव बढ़ा निवासी किसान राजेंद्र कुमार ने बताया कि उन्होंने 20 एकड़ भूमि में कपास की खेती की हुई है। फसल की पैदावार अच्छी हुई और फसल को लेकर मंडी में लेकर आए है। मंडी में कपास का उचित मूल्य मिल रहा है।