संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। अलीगढ़ सड़क पर चालक की लापरवाही से कंटेनर पेड़ से टकरा गया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चांदहट थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर आरोपी कंटेनर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
चांदहट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कैलाशचंद भड़ाना के अनुसार यूपी के जिला फर्रूखाबाद स्थित गांव मसेनी निवासी सुमित ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका भाई दुर्गेश, पिता राजबीर व जिला एटा के झटीकरा गांव निवासी सत्यराम नगला बहादुर गांव निवासी दिलीप के बंद बॉड़ी कंटेनर में सवार होकर गुरुग्राम काम से जा रहे थे। दिलीप कंटेनर को लापरवाही से चला रहा था। दुर्गेश व संतराम ने उससे धीरे चलाने के लिए भी कहा, लेकिन चालक नहीं माना। रहीमपुर यमुना पुल के समीप चालक की लापरवाही से कंटेनर सड़क किनारे खड़े सफेदा के पेड़ से टकरा गया। हादसे में कंटेनर में बैठे सभी लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दुर्गेश को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि चालक दिपील, राजबीर व सत्यराम का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।