पलवल में ठंड से बचने के लिए आगरा चौक पर अलाव जलाकर बैठे मजदूर
- फोटो : Palwal
पलवल। दो दिन के धूप की वजह से मौसम में थोड़ी गर्माहट आ गई थी, लेकिन शुक्रवार को एक बार फिर मौसम ने पलटवार किया। पूरे दिन धूप नहीं निकली और शीतलहर ने लोगों को खासा परेशान किया। दोपहर करीब एक बजे के बाद हल्की धूप निकली, लेकिन तेज हवाओं से ठिठुरन रही।
शुक्रवार को सुबह के समय कोहरे के कारण वाहनों का सड़कों पर चलना तक मुश्किल हो गया। दृश्यता कम होने की वजह से वाहन चालक लाइटें जलाकर चलते रहे। वहीं पूरे दिन शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी रहा। दोपहर तक लोगों को सूर्यदेव के दर्शन भी नहीं हुए। कोई अलाव जलाकर ठंड से बचाव करता रहा, किसी ने हीटर के सामने बैठकर समय बिताया।
लगातार बढ़ रही ठंड व कोहरे से बचाव के लिए डॉक्टर लोगों को सलाह दे रहे हैं। डॉ. धर्म प्रकाश आर्य का कहना है कि ठंड अधिक होने से बच्चों व बुजुर्गों को घरों के अंदर रखना चाहिए। गर्म कपड़े पहनकर रखें और गर्म खाद्य पदार्थों का सेवन करें। बुखार, खांसी व जुकाम होने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। कृषि विशेष डॉ. महावीर मलिक का कहना है शुक्रवार को जिस तरह से पाला पड़ा है, उससे फसलों को काफी फायदा हुआ है। किसान फसलों का पूरा ध्यान रखें व समय पर पानी भरकर खाद डालें।