पलवल में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी को कोरोना का टीका लगाते हुए
- फोटो : Palwal
पलवल। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा शुक्रवार को पांच केंद्रों पर कोरोना वैक्सीन का टीका लगाया गया। हालांकि 338 स्वास्थ्यकर्मियों का टीकाकरण होना था, लेकिन 267 लोग ही पहुंचे। वहीं जिला नागरिक अस्पताल में सौ लोगों को टीका लगाया जाना था, लेकिन 110 लोग पहुंचे। इनमें से दस लोग ऐसे थे, जो पहले दिन टीका नहीं लगवा सके थे। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि जिले में पहले चरण में 42 प्रतिशत स्वास्थ्यकर्मियों को टीका लगाया जा चुका है। पलवल कोरोना टीका लगाने वाले जिलों में प्रदेश में दूसरे नंबर पर है।
शुक्रवार को जिला नागरिक अस्पताल में 100 की जगह 110, गोयल नर्सिंग होम में सभी 50 लोग, अमरपुर में 21 की जगह 19, अलावलपुर में 50 में से 40, सोलड़ा में 67 में से 55 व सिहौल में 50 में से 12 स्वास्थ्यकर्मियों ने टीका लगवाया। जिला सिविल सर्जन डॉ. ब्रह्मदीप सिंह ने बताया कि जिले में टीकाकरण का काम बेहतर तरीके से किया जा रहा है। सभी टीमों की मेहनत से 42 प्रतिशत लोगों को टीका लगाया जा चुका है। ऐसे में पलवल जिला कोरोना टीकाकरण के मामले में प्रदेश में दूसरे नंबर पर है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिना घबराए कोरोना का टीका अवश्य लगवाएं।
25 को मनेगा कोरोना महा टीकाकरण दिवस
स्वास्थ्य विभाग द्वारा 25 जनवरी को जिले में कोरोना महा टीकाकरण दिवस मनाया जाएगा। उस दिन 1500 स्वास्थ्यकर्मियों को विभिन्न केंद्रों पर टीके लगाए जाएंगे। इसके लिए विभाग द्वारा तैयारी कर ली गई है। सभी केंद्रों पर कर्मचारियों की सूची भेजवा दी गई है। वहीं सभी कर्मचारियों को भी इसके लिए सूचित कर दिया गया है।