होडल। सीएम फ्लाइंग की टीम ने होडल क्षेत्र में दो राइस मिलों पर छापेमारी की। टीम ने मिलों से चावल के सैंपल लिए गए। टीम के साथ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग पलवल से एएफएसओ विनय मुदगिल, भारतीय खाद्य निगम से निरीक्षक राजीव कुमार, वेयर हाउस से निरीक्षक बलदेव सैनी, हैफड से निरीक्षक दयानंद पोसवाल के अलावा अन्य कई अधिकारी मौजूद थे। सीआइडी के इंस्पेक्टर अश्विनी कुमार व सीएम फ्लाइंग के इंस्पेक्टर जगदीशचंद ने टीम के साथ यह कार्रवाई की।
टीम ने नूंह सड़क मार्ग स्थित बजरंग राइस मिल के अलावा त्यागी मंदिर के समीप न्यू रिश्ता राइस मिल से चावलों के तीन-तीन सैंपल लिए। चावलों में फोर्टिफाइड व मिक्स राइस की जांच करने के लिए सैंपल लिए गए। अब इन सैंपलों को लैब में भेजा जाएगा। जिसके बाद ही सही पता लग सकेगा कि इन चावलों में फोर्टिफाइड मिक्स है या नहीं।
राइस मिलरों में मचा रहा हड़कंप
सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई के बाद राइस मिलरों में हड़कंप मचा हुआ है। होडल क्षेत्र में दर्जन से अधिक राइस मिल है। इस बार सरकार ने कस्टम मिल्ड राइस (सीएमआर) का कार्य करने वाले राइस मिलरों को कुल चावल का 50 प्रतिशत फोर्टिफाइड चावल देने के आदेश दिए हैं। फोर्टिफाइड में पात्रों को पौष्टिक चावल प्रदान किए जाएंगे। इसके तहत चावल को फोर्टिफाइड करने के लिए चावल में आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन ए और विटामिन बी का लेप चढ़ाया जाना है। इस चावल धोने और पकाने पर माइक्रो न्यूट्रियंट्स की पर्याप्त मात्रा मौजूद रहेगी। सरकार को अंदेशा है कि राइस मिलर चावलों में फोर्टिफाइड नहीं मिला रहे हैं। इसलिए ही सैंपल लिए गए हैं। जब तक सीएम फ्लाइंग और विभागीय टीमों द्वारा इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया तब तक राइस मिलर्स की सांसे अटकी रहीं।