स्कूल जाते समय युवक ने किया अगवा, सुनसान जगह पर ले जाकर दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल । गदपुरी थाना क्षेत्र के एक गांव में 12वीं की छात्रा के अपहरण और दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी युवक छात्रा को जबरन अपने साथ ले गया और गांव से बाहर एक स्थान पर उसे बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गदपुरी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि 16 वर्षीय बेटी पास के दूसरे गांव में 12वीं की पढ़ाई के लिए रोजाना जाती थी। रोज की तरह छात्रा जब स्कूल जा रही थी, तभी एक युवक ने उसे जबरन अगवा कर लिया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
थाना प्रभारी अभनी कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी युवक के खिलाफ अपहरण, बंधक बनाकर दुष्कर्म करने समेत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर है और उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं।
छात्रा की मां के अनुसार, किसी तरह छात्रा आरोपी के चंगुल से छूटकर अपने घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजनों के साथ पीड़िता गदपुरी थाने पहुंची और शिकायत दी। पुलिस ने मेडिकल जांच कराते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाई जाए।