संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। आशा वर्करों की चल रही हड़ताल को समर्थन देते हुए मजदूर संगठन सीआईटीयू ने चार सितंबर को विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। संगठन ने प्रदेश की आशा कर्मियों द्वारा चलाए जा रहे शांतिपूर्ण आंदोलन पर पुलिसिया दमन की निंदा की है। हड़ताल के 25वें दिन जिला नागरिक अस्पताल में आयोजित धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान रामरति ने की, जबकि संचालन बाला औरंगाबाद ने किया। धरने में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि दो सितंबर को होडल विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगदीश नायर के निवास पर प्रदर्शन कर सरकार के नाम की मांगों का मांग पत्र दिया जाएगा। आशा वर्करों ने नागरिक अस्पताल से आगरा चौक तक जुलूस निकाला।
धरने को संबोधित करते हुए यूनियन की जिला प्रधान रामरति चौहान व सीआईटीयू के जिला सचिव रमेश चंद ने बताया कि 28 अगस्त को विधानसभा सत्र के मौके पर पंचकूला में शांतिपूर्ण प्रदर्शन को रोकने के लिए पूरे प्रदेश में आशा वर्करों के ऊपर दमन की कार्यवाही की गई। उन्होंने कहा कि प्रदेश की आशा कर्मियों की हड़ताल के दौरान राज्य सरकार का बेहद अमानवीय चेहरा सामने आ रहा है। पंचकूला में प्रदर्शन के दौरान हिरासत में ली गई आशा कर्मियों को बसों में घुमाते रहे। यूनियन नेताओं ने सरकार से हड़ताली आशा कर्मियों से बातचीत करके मांगों का निपटारा करने की मांग की। उन्होंने बताया कि सीआईटीयू हड़ताली आशा कर्मियों के समर्थन में चार सितंबर को प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान यूनियन नेता शिक्षा, सुमन दिघोट, शीला हथीन, मंजू दुर्गापुर, रोशनी होडल, मोहनबती,दुर्गावती, कुसुम होडल व अनिता सिहौल ने भी अपने विचार रखे।