पलवल। चोर अलग-अलग थाना क्षेत्र से दो बाइक व एक आश्रम से सोने-चांदी के आभूषण तथा सवा लाख रुपये चोरी कर ले गए। पुलिस ने आश्रम वाले मामले में दो नामजद व बाइकों के मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता संजय काद्यान के अनुसार, गांव घोड़ी स्थित श्री परमहंस आश्रम के महंत सतीश बाबा ने चांदहट थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है कि 20 मई की रात 12 बजे आशुतोषानंद उर्फ आशू बाबा निवासी चित्रराई, शिवपुरी (एमपी) व हेमंत बडोनिया उर्फ छोटू निवासी द्वारिका कॉलोनी, शिवपुरी (एमपी) अपने दो-तीन अन्य लोगों के साथ कार से आए और आश्रम में रुकने की इच्छा जाहिर की। आश्रम से जुड़ा हुआ बाबा होने के नाते पीड़ित ने उन्हें वहां पर रोक लिया।
अगले दिन सुबह कोई जरूरी काम याद आने की बात कहकर आश्रम से चले गए। महंत ने गत 19 जून को रुपयों की जरूरत पड़ने पर महात्माओं वाला कमरा खोला तो देखा कि वहां से चढ़ावे की रखी एक लाख 27 हजार रुपये की नकदी व सोने-चांदी के मुकुट तथा सिक्के गायब थे। पीड़ित ने पूरा शक जाहिर करते हुए कहा है कि नकदी व आभूषणों को आशुतोषानंद उर्फ आशू व हेमंत बडोनिया उर्फ छोटू ही चोरी कर ले गए हैं।
क्योंकि उनके बाद उस कमरे और कोई व्यक्ति नहीं रुका। इसी प्रकार चोर रायपुर गांव निवासी चेतन की बाइक को शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंबेडकर पार्क के समीप से व पेलक गांव निवासी संजय कुमार की बाइक को श्याम नगर कॉलोनी से चोरी कर ले गए। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।