होडल। मनी ट्रांसफर कंपनी का डिस्ट्रीब्यूटर बनाने के नाम पर गांव करमन निवासी एक व्यक्ति से धोखाधड़ी कर दो लाख 66 हजार रुपये खाते में जमा करवा लिए। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित विकास सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह राजमार्ग स्थित करमन बॉर्डर पर अपना कार्य करता है। 17 मार्च को उसके पास तीन व्यक्ति पहुंचे और कहा कि वह बॉर्डर पर मनी ट्रांसफर का कार्य सकता है। उक्त व्यक्ति अपने आपको कंपनी में कार्यरत बताने लगे। उन्होंने कहा कि उनकी कंपनी दूसरी अन्य कंपनियों से कम रेटों पर मनी ट्रांसफर का कार्य करती है, जिसमें उसे डिस्ट्रीब्यूटर बना देंगे। शिकायत में बताया कि उन्होंने उसके आधार कार्ड व पैन कार्ड देने को कहा और बताया कि वह उससे एक भी पैसे नहीं लेंगे। शिकायत में बताया कि वह उनकी बातों में आ गया और उन्हें अपना आधार कार्ड व पैन कार्ड दे दिया। उन्होंने उसकी आईडी बना दी।
उन्होंने विकास सिंह को दो बैंकों के खाता नंबर दे दिए और कहा कि इन खाते में पैसे जमा कर देना। कहा कि तुम्हारी आईडी पर पैसा वापस डालते रहेंगे। विकास ने कुछ दिन उनकी आईडी से काम किया, लेकिन 23 मार्च से उपरोक्त आईडी ने काम करना बंद कर दिया। जिसके बाद उसके दो लाख 66 हजार रुपये उक्त आईडी पर फंसे हुए हैं। शिकायत में बताया कि जब इस बारे में बताए गए मोबाइल पर संपर्क किया तो संपर्क नहीं हो पाया। बाद में पीड़ित अपने साथ हुई इस ठगी को समझ गया और मामले कि शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर विकास, अमन पटेल व परचूरी श्रीकोत निवासी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।