सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त कार।
- फोटो : Palwal
पलवल। गांव बाता से लाड़ियाका मार्ग पर वाहन की टक्कर से कार सवार हेतराम की मौत हो गई, जबकि साथी सुरेंद्र घायल हो गया। दोनों युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पलवल जा रहे थे। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव पारिवारिक सदस्यों को सौंप दिया गया। अब तक वाहन चालक का सुराग नहीं मिला है।
चांदहट थाना पुलिस के अनुसार, गांव बाता निवासी परसराम ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसका चचेरा भाई हेतराम 35 वर्षीय अपने साथी सुरेंद्र के साथ कार से एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए पलवल जा रहे थे। गांव बाता से लाड़ियाका मार्ग पर निजी स्कूल के सामने अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों घायल हो गए और उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान हेतराम की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।