कैंटर मालिक ने आरोपी चालक के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। केएमपी एक्सप्रेस पर सड़क के बीचों-बीच खड़े ट्रक में कैंटर टकरा गया। हादसे में कैंटर चालक की मौत हो गई। सदर थाना पुलिस ने कैंटर मालिक की शिकायत पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपी चालक की गिरफ्तारी नहीं हुई है। शनिवार को जिला नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
जांच अधिकारी एएसआई गुरमुख के अनुसार राजस्थान के जिला अवसर स्थित साथलका निवासी धीरज सिंह ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह ट्रांसपोर्ट का काम करता है। उसके कैंटर पर यूपी के जिला फरुखनगर स्थित हरिमलपुर निवासी रिंकू बतौर चालक नौकरी करता था। शनिवार सुबह करीब दो बजे रिंकू गाड़ी में माल भरकर केएमपी एक्सप्रेस वे के रास्ते भिवाड़ी से नोएडा जा रहा था। उन्हें किसी ने फोन कर बताया कि उनकी गाड़ी का एक्सीडेंट हो गया है। वह अपने साथी योगेश कुमार के साथ मौके पर पहुंचा तो वहीं कैंटर के साथ एक बंद बॉडी ट्रक क्षतिग्रस्त अवस्था मिला। ट्रक को सड़क के बीच में खड़ा किया गया था, जिसमें उनका कैंटर टकरा गया। उन्हें पता चला कि चालक रिंकू को अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल में जाकर देखा तो रिंकू की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।