संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। अवैध खनन कर यमुना से रेत ला रहे डंपर को रोकने का इशारा किया तो पुलिस पर डंपर चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस ने सड़क किनारे कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने पीछा कर डंपर को पकड़ने का प्रयास किया तो रेत को सड़क पर खाली कर फरार हो गया। पुलिस ने जैसे-तैसे डंपर को काबू किया। मौके से डंपर चालक को काबू कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। चांदहट थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ जान से मारने का प्रयास, सरकारी कार्य का बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक फरार आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
चांदहट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दलवीर सिंह के अनुसार शनिवार सुबह करीब छह बजे उनकी टीम गांव रसूलपुर के समीप गश्त पर थी। तभी सूचना मिली कि गांव सुल्तानपुर निवासी पुनीत यमुना में अवैध खनन का काम करता है। फिलहाल वह हाईवा डंपर में यमुना की रेत भरकर पलवल की तरफ जा रहा है। सूचना के आधार पर गांव होशंगाबाद के समीप नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद बताया हुआ डंपर आता हुआ दिखाई दिया, जिसमें चालक सहित दो लोग सवार थे। डंपर चालक को रुकने का इशारा किया तो डंपर चालक ने रुकने की बजाय पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया। पुलिस कर्मियों ने साइड में कूदकर अपनी जान बचाई। उन्होंने डंपर का पीछा कर ओवरटेक का प्रयास किया तो आगरा कैनाल के समीप चालक ने डंपर से सड़क पर रेत खाली कर दी और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कंट्रोल रूम को सूचित किया। डंपर चालक पलवल राष्ट्रीय राजमार्ग से गांव बामनीखेड़ा होते हुए वापस रसूलपुर होते हुए गांव अच्छेजा पहुंच गया, जहां 112 की गाड़ी ने डंपर को काबू कर लिया। इस दौरान डंपर में बैठा व्यक्ति फरार हो गया, जबकि चालक को हिरासत में ले लिया गया। चालक ने अपना नाम राजस्थान के कामा स्थित महरोली निवासी मनोज बताया, जबकि फरार आरोपी का काम गांव सुल्तानपुर निवासी पुनीत बताया। चालक ने बताया कि पुनीत के उकसाने पर उसने चालक पुलिस टीम पर चढ़ाने का प्रयास किया था।
पुलिस ने पुनीत व मनोज के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।