दोस्त की मां के इलाज के नाम पर की थी रुपयों की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। रिश्तेदार बता व्यक्ति के पास फोन किया और दोस्त की मां का इलाज कराने के नाम पर 5.80 लाख रुपये की साइबर ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को पीड़ित के छोटे भाई का साला बताया, जो अमेरिका में रहता है। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस आरोपियों की पहचान नहीं कर पाई है।
साइबर क्राइम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रेनू शेखावत के अनुसार, आदर्श कॉलोनी निवासी अनिल कुमार ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पास एक नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने उसे बताया कि वह उसके छोटे भाई का साला बोल रहा है। उसके दोस्त की मां बीमार है, कुछ पैसे चाहिए। उसके छोटे भाई का साला अमेरिका में रहता है, उसने मदद के लिए फोन पे ऐप के माध्यम से बैंक खातों में 5.80 लाख रुपये डाल दिए। शिकायत में कहा है कि उसके बाद फिर उसके पास फोन आया और 1.60 लाख रुपयों की मांग की। जिसके बाद उसने अपने छोटे भाई को बुलाया और कहा कि आपका साला दोस्त के बीमार होने की बात कहकर पैसे मांग रहा है और उसे 5.80 रुपये दे भी दिए हैं। उसके भाई ने देखा कि जिस नंबर से कॉल आ रही है, वह अमेरिका का नहीं है, आपके साथ साइबर ठगी हुई है। जिसके बाद पीड़ित ने इसकी शिकायत साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी। पुलिस ने बताया कि जिन बैंक खातों में रुपये डाले गए हैं, वे अजय बंसल भोपाल और शिव शंकर भोपाल के नाम पर थे।