रविवार देर रात आए आंधी-तूफान में शहर के पॉश इलाके में निर्माणाधीन मकान की छत के लिए शटरिंग बांध रहे मजदूरों के ऊपर पास वाले मकान की दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि हादसे में छह लोग घायल हो गए। लोगों ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। उसने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जिला टीकमगढ़ के गांव करमोरा निवासी रमेश यादव ने बताया कि रविवार देर रात वह अपने साथियों लखन, राजू, लालाराम, कुंदन व अरविंद के साथ न्यू कॉलोनी में एक मकान पर लेंटर डालने के लिए सरिया बांध रहे थे। देर रात आए तूफान में पास वाले मकान की दीवार उनके ऊपर आकर गिर पड़ी। इससे लखन, राजू, लालाराम, कुंदन, अरविंद व दो अन्य लोग दीवार के नीचे दब गए।
इसमें लखन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य छह लोग घायल हो गए। रमेश ने बताया कि अजय ठेकेदार के पास वे पिछले लंबे समय से मध्य प्रदेश से आकर यहां मजदूरी का काम करते हैं।
दीवार गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर भीड़ इकट्टा हो गई। लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और पुलिस को सूचना दी। मामले की सूचना मिलते ही कैंप थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और बचाव कार्य शुरू कर दिया। पुलिस ने सोमवार को मृतक के परिजनों के बयान पर 174 की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के अनुसार अभी तक कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।