हथीन खंड के गांव मंडोरी के समीप ग्रामीणों ने गोमांस के शक में एक ट्रक को रोक लिया। जागरूक ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस को भी दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सूझ-बूझ व सक्रियता से काम लेते हुए बड़ा विवाद होने से टाल दिया।
कुछ असामाजिक लोगों ने ट्रक को आग लगाने का भी प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें सफल नहीं होने दिया। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। ट्रक में लदे संदिग्ध मांस को दफना दिया गया व मांस का नमूना जांच के लिए भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की सुबह पलवल से नूंह की तरफ एक ट्रक में मांस ले जाया जा रहा था। ट्रक में से उठती बदबू के चलते गांव मंडोरी के पास कुछ ग्रामीणों ने ट्रक को रुकवा लिया। उन्हें शक था कि ट्रक में गोमांस ले जाया जा रहा है। इसी बीच मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
एसएचओ दीपचंद के अनुसार, सूचना मिलते ही थाने से भारी पुलिस बल मौके पर उनकी अगुवाई में मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने ट्रक चालक राजस्थान के जिला अलवर के ईसराईल व राकेश तथा हापुड़ यूपी निवासी अब्दुल को काबू कर हिरासत में ले लिया। इसी बीच आसपास के थानों की पुलिस को भी मौके पर बुला लिया गया। हथीन के एसडीएम सतेंद्र सिवाच, पलवल के डीएसपी अभिमन्यु लोहान तथा बलबीर सिंह व होडल के डीएसपी भगतराम भी भारी पुलिस बल व अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंच गए।
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि तीनों आरोपियों को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर लिया गया है। ट्रक से बरामद मांस का नमूना लेकर जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। ग्रामीणों को आश्वासन देकर पुलिस ने दूर जंगल में ट्रक से बरामद चार टन मांस को गड्ड़ा खुदवाकर दफन करा दिया गया।
वहीं जब ट्रक से मांस को दफन करने के लिए ले जाया जा रहा था, उसी दौरान कुछ असामाजिक लोगों ने ट्रक के केबिन में मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। लेकिन तुरंत आग पर काबू पा लिया गया व आग लगाने का प्रयास कर रहे आरोपी भीड़ का फायदा उठा कर फरार हो गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच व अगली कार्रवाई में जुटी हुई है।