बैंक कर्मियों से मारपीट, जान से मारने की धमकी देने वाले दबोचे
पलवल। न्यू कॉलोनी स्थित आईसीआईसीआई बैंक के कर्मचारियों के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामनेे आया है। कैंप थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बैंक प्रबंधक ने आरोपियों पर लूट के इरादे से बैंक में अंदर घुसने का आरोप लगाया है, वहीं पुलिस का कहना है कि मारपीट और धमकी देने का मामला है।
पुलिस के अनुसार आईसीआईसीआई बैंक की प्रबंधक डिंपल तनेजा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि बुधवार शाम करीब चार बजे दो युवक बैंक के गेट को जबरन खोलकर अंदर आए और सुरक्षाकर्मी के साथ धक्का-मुक्की कर गाली-गलौच करने लगे। आरोप है कि युवक लूट के इरादे से कैश काउंटर की बढ़े तभी बैंक कर्मी व मौके पर मौजूद ग्राहकों ने उन्हें पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम नसीम व आलम खान निवासी गांव सराय खटेला बताया। पुलिस का कहना है कि जांच में अभी तक लूट का इरादा होना नहीं पाया गया है। युवकों के पास से किसी तरह का कोई हथियार भी बरामद नहीं हुआ।