संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। राष्ट्रीय राजमार्ग बाबरी मोड स्थित बैंकेट हाल के अंदर एक शादी समारोह से अज्ञात युवक लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ले गए। चोरी की सूचना मिलते ही परिजनों में खलबली मच गई। उन्होंने तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाबूराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 18 फरवरी को उसके भतीजे मर्रोली निवासी अनिल की बाबरी मोड़ स्थित कृष्णा वाटिका में शादी थी। शादी समारोह में सभी व्यस्त थे। शादी समारोह में पुत्र वधू के लिए लाखों रुपये कीमत के आभूषण और 75 हजार रुपये की नकदी का बैग था। फेरे की रस्म पूरी होने के बाद उसने बैग को जमीन पर रख दिया और जूते पहनने लगा। इसी बीच अज्ञात व्यक्ति ने नकदी से भरे बैग को चंपत कर दिया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के विरुद्ध चोरी का मामला दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।