संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के प्रधान के साथ चंडीगढ़ पुलिस द्वारा किए गए दुर्व्यवहार के विरोध में सोमवार को पलवल जिला बार एसोसिएशन के वकील हड़ताल पर रहे। हड़ताल, जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रविंद्र चौहान के नेतृत्व में हुई। इस दौरान वकील अदालत में पेश नहीं हुए। जिस कारण मुवक्किलों को बेहद परेशानी हुई। उन्हें स्वयं अदालत में पेश होकर अपने केसों में तारीख लेनी पड़ी।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान रविंद्र चौहान ने बताया कि शुक्रवार शाम को चंडीगढ़ के सेक्टर 28 की मोटर मार्केट में झगड़ा हो गया था। बाजार में कुछ लोगों और वकील के बीच किसी बात को लेकर झड़प हो गई थी और वकील पर हमला कर दिया गया था। इसी मामले को लेकर पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट बार के प्रधान 28 सेक्टर थाना में गए थे । जहां पुलिस ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और प्रधान व वकील को देर रात तक थाने में बिठाए रखा। जिसके चलते वकीलों में रोष व्याप्त है। इससे नाराज होकर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के वकीलों के समर्थन में जिला के वकील सोमवार को हड़ताल पर रहे। हड़ताल को पूर्व प्रधान सुभाष शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता राजीव लांबा, चरण सिंह रावत, धर्म सिंह, सुनील डागर, मनोज वशिष्ठ, चुन्नु, विक्रम वशिष्ठ ने संबोधित किया।
हथीन बार एसोसिएशन ने भी की हड़ताल
पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के आह्वान पर सोमवार को हथीन बार एसोसिएशन ने वर्क सस्पेंड कर कामकाज बंद रखा। सिविल अदालतों का काम काज प्रभावित रहा। वकीलों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर रोष व्याप्त किया है। हथीन बार एसोसिएशन के प्रधान संजय रावत ने बताया कि शुक्रवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-28 में कुछ लोगों ने हाई कोर्ट के वकील पर हमला कर दिया था, जिसमें वह घायल हो गए थे। उन्होंने बताया कि इस दौरान हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के प्रधान विकास मलिक भी वहां मौजूद थे और उनके साथ हाथापाई भी की गई थी। लेकिन पुलिस ने इस मामले में शिकायत के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं की तथा कई घंटों बाद एफआईआर दर्ज की। उसमें भी मामूली धाराएं ही लगाईं। उन्होंने बताया कि हथीन बार एसोसिएशन ने हमले और पुलिस के रवैये की कड़े शब्दों में निंदा की और अपने विरोध को प्रदर्शित करने के लिए सोमवार को वर्क सस्पेंड करने का निर्णय लिया था।