20पीएएलपी3- मृतक विशाल का फाइल फोटो।
-
- प्रेमजाल में फंसाकर महिला युवक से ऐंठ रही थी वेतन की राशि
- वेतन देने से मना करने पर देने लगी धमकी, महिला के परिजनों ने पंचायत में बुलाकर किया अपमानित
- चार माह बाद जीआरपी ने महिला सहित चार के खिलाफ किया मुकदमा दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। गांव रूंधी में दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी मिलने पर युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। युवक को धमकी वेतन की राशि देने से मना करने पर दी गई। आरोप है कि युवक को पंचायत में बुलाकर दुर्व्यवहार किया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई। डर के कारण युवक ने आत्महत्या कर ली। मामले की शिकायत सदर थाना पुलिस को दी गई, परंतु शिकायत नहीं ली। अब घटना के करीब चार माह बाद जीआरपी चौकी पलवल ने एक महिला सहित चार के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
जीआरपी चौकी प्रभारी ओमप्रकाश के अनुसार गांव रूंधी निवासी गीता ने शिकायत दर्ज कराई है कि फरवरी 2024 के अंतिम सप्ताह में जितेंद्र, आकाश, मोहित उनके घर आए तथा उसके पति गिर्राज के कहा कि तुम्हारे बेटे विशाल के जितेंद्र की पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं। उसे नहीं रोका तो जान से खत्म कर देंगे। विशाल मीतरोल स्थित एक कंपनी में काम करता था। उनके जाने के बाद उन्होंने विशाल से पूरी सच्चाई बताने के लिए कहा। विशाल ने बताया कि जितेंद्र की पत्नी ने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया और उसका पूरा वेतन ले लेती है। उसने वेतन देने से मना किया तो उसे दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी और रुपये ऐंठती रही। मामले से दूर रखने के लिए उन्होंने विशाल को अपने बेटी की ससुराल गांव रसूलपुर भेज दिया। एक मार्च को आरोपियों ने गांव में पंचायत बुला ली, जिसमें जबरन विशाल को भी बुला लिया गया।
शिकायत में कहा गया कि पंचायत में विशाल के साथ दुर्व्यवहार किया गया तथा यौन शोषण के मामले में फंसाने व जान से मारने की धमकी दी गई। धमकी से विशाल बुरी तरह से डर गया। आरोपियों के डर से बीती दो मार्च को विशाल ने बामनीखेड़ा रेलवे पुल के नीचे ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। उसके पति गिर्राज ने मामले की शिकायत दीघोट पुलिस में दी तो शिकायत नहीं ली। पुलिस ने सदर थाना में जाने को कहा, परंतु वहां भी शिकायत लेने से मना कर दिया। जीआरपी ने मामले में 174 सीआरपीसी के तहत कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करा दिया। हादसे के कारण वे दोनों पति-पत्नी सदमे आ गए और बीमार रहने लगे। उसके पति भी मानसिक तौर पर परेशान रहने लगे। अब उसकी स्थिति ठीक होने पर मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी आकाश, मोहित, जितेंद्र व उसकी पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।